बुलंद सोच, ग्वालियर।

बिजली फॉल्ट होने के बाद शिकायत दर्ज कराने के बावजूद टीम के पहुंचने का इंतजार करने वाले उपभोक्ताओं के लिए मैदानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 47 नई एवं अतिरिक्त एफओसी (फ्यूज ऑफ कॉल) टीमों का गठन किया है। इन टीमों में 33 बाइक FOC और 14 कैंपर एफओसी टीमें शामिल हैं।
तैनाती और प्रयोग
इन टीमों को जिला और संभागीय मुख्यालयों के साथ-साथ तहसील मुख्यालयों और छोटे शहरों में भी तैनात किया जाएगा। यह उल्लेखनीय है कि ग्वालियर संभाग में इस तरह का प्रयोग पहली बार किया जा रहा है।
ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों को लाभ
कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि एफओसी टीम का मुख्य कार्य उपभोक्ता परिसर में बिजली आपूर्ति से संबंधित फॉल्ट या फ्यूज की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुधार करना है। नई टीमों के गठन का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है, जहां छोटी तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने पर सुधार दल के पहुंचने में समय लग जाता है।
संकरी गलियों में बाइक से पहुंचेगी टीम
नई व्यवस्था में बाइक एफओसी टीमों को शामिल किया गया है। इनका उपयोग ऐसे क्षेत्रों में किया जा सकेगा, जहां बड़े वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। शहर की संकरी गलियों से लेकर ग्रामीण और कस्बाई इलाकों तक बाइक से टीम पहुंचकर फ्यूज और स्थानीय फॉल्ट से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निराकरण कर सकेगी। इससे छोटी शिकायत के लिए बड़े वाहन और अधिक संसाधन भेजने की जरूरत भी कम होगी।
अधिक संसाधन वाले काम के लिए कैंपर टीम
अधिक संसाधन वाले कार्यों के लिए कैंपर एफओसी टीमों को भी मैदान में उतारा जाएगा। कैंपर वाहन में आवश्यक उपकरण और संसाधन लेकर टीम बिजली आपूर्ति से जुड़े सुधार कार्यों के लिए मौके पर पहुंच सकेगी। ऐसे क्षेत्रों में जहां फॉल्ट सुधार के लिए अधिक उपकरणों की जरूरत हो, वहां कैंपर टीम उपयोगी साबित होगी। कंपनी ने इन टीमों को जिला और संभागीय मुख्यालयों के अलावा तहसील और छोटे शहरों तक पहुंचाने की योजना बनाई है।
शिकायत के लिए नए नंबर
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 1912 के साथ अब 0755-4314165 नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। बिजली संबंधी शिकायतें इन नंबरों के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेंगी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र की एफओसी टीम को मौके पर भेजकर फॉल्ट सुधारने की व्यवस्था की गई है।
विद्युत सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें
कंपनी ने विद्युत सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के लिए भी अलग व्यवस्था की है। बिजली के तार, पोल, उपकरण अथवा अन्य असुरक्षित विद्युत अधोसंरचना से जुड़ी शिकायतें यूपीएवाइ एप, कॉल सेंटर और एमपीसीजेड पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेंगी। इससे टूटे पोल, असुरक्षित तार या अन्य विद्युत जोखिम की जानकारी कंपनी तक पहुंचाने का विकल्प उपभोक्ताओं को मिलेगा।

