मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ग्वालियर संभाग में बिजली आपूर्ति शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु 47 नई एवं अतिरिक्त एफओसी टीमें गठित की हैं। इनमें 33 बाइक FOC और 14 कैंपर एफओसी टीमें शामिल हैं, जिन्हें जिला, संभागीय, तहसील मुख्यालयों और छोटे शहरों में तैनात किया जाएगा। यह प्रयोग ग्वालियर संभाग में पहली बार हो रहा है। बाइक टीमें संकरी गलियों और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉल्ट सुधारेंगी, जबकि कैंपर टीमें अधिक उपकरणों वाले कार्यों के लिए होंगी। उपभोक्ता अब 1912 के साथ 0755-4314165 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विद्युत वितरण कंपनी ग्वालियर द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु शनिवार को नगर संभाग केंद्रीय के पांच क्षेत्रों में संपर्क अभियान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन, नाम परिवर्तन, भार वृद्धि-कमी, बिल संशोधन, मीटर परिवर्तन, सर्विस केबल से संबंधित समस्याओं और अन्य तकनीकी तथा व्यावसायिक शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करा सकेंगे। कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी इन निर्धारित शिविर स्थलों पर मौजूद रहेंगे, जहां उपभोक्ताओं को त्वरित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर लक्ष्मीगंज, शिंदे की छावनी, शिवपुरी लिंक रोड, चावड़ी और सराफा फीडर क्षेत्रों में लगेंगे।