BREAKING NEWS
2026-08-10

ग्वालियर में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ का शुभारंभ: 60 अधिकारियों ने 114 संस्थाओं का निरीक्षण किया, 150 समस्याएँ दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

मध्य प्रदेश सरकार की पहल पर शुक्रवार को ग्वालियर जिले में जिला सरकार जनता का विश्वास जीतने के उद्देश्य से मैदान में उतरी। जिला स्तर से 60 अधिकारी विकासखंड घाटीगांव के विभिन्न गांवों में पहुंचे और 114 शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इन अधिकारियों ने स्थानीय जन-समुदाय से संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं व चुनौतियों को जाना और निराकरण का भरोसा दिलाया।

Advertisement

इसके बाद सभी अधिकारी घाटीगांव पहुंचे, जहाँ आयोजित जिला स्तरीय शिविर के माध्यम से जन समस्याओं का निराकरण किया गया। यह अवसर ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के शुभारंभ दिवस का था, जिसके तहत घाटीगांव में यह जन-विश्वास शिविर लगाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर यह अभियान सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित कर समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू हुआ है।

स्वास्थ्य शिविर और दिव्यांग प्रमाण-पत्र

जन-विश्वास शिविर के साथ-साथ एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर विशेष रूप से मेडिकल बोर्ड भी बिठाया गया था। मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा के आधार पर दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मौके पर ही बनाए गए।

इस अवसर पर, सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर सफलतापूर्वक अपने-अपने उद्यम चला रहे घाटीगांव क्षेत्र के उद्यमियों ने अपनी सफलता के प्रेरणादायी अनुभव साझा किए। साथ ही, सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।

150 समस्याएँ दर्ज और उनका निराकरण

विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत आयोजित जिले के पहले जिला स्तरीय शिविर में लगभग 150 लोगों द्वारा आवेदन देकर अपनी समस्याएँ दर्ज कराई गईं। विधायक मोहन सिंह राठौर, जनपद पंचायत की अध्यक्ष वर्षा रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, डीएफओ मुकेश पटेल एवं एसडीएम वंदना जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया।

सभी आवेदनों को सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर दर्ज किया गया है, जिससे उनके निराकरण की नियमित समीक्षा हो सके।

पुलिस द्वारा 47 शिकायतों का निराकरण

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस द्वारा घाटीगांव क्षेत्र में लंबित सीएम हेल्पलाईन की 50 में से 47 शिकायतों का निराकरण ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत कराया गया है। शिविर स्थल पर सभी विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। साथ ही, लोगों की शिकायतें दर्ज करने के लिए अलग से एक विशेष काउंटर भी लगाया गया था।

विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण

पहले दिन शिविर से पहले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने ग्राम मुंशी का चक व मंडन का पुरा के प्राथमिक विद्यालयों एवं मंडन के पुरा के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एक सुखद पहलू यह रहा कि चौथी कक्षा में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति समुदाय के एक बच्चे ने 13 का पहाड़ा व एबीसीडी सुना दी। इसी तरह, पाँचवीं कक्षा में अध्ययनरत सहरिया जनजाति की बालिका ने श्यामपट पर अंग्रेजी में अपना नाम लिख दिया।

सहायता उपकरण और हितलाभ का वितरण

घाटीगांव में आयोजित जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में वयोश्री योजनाओं के तहत एक दर्जन से अधिक बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित अन्य सहायता उपकरण सौंपे गए। इसी तरह, नौवीं कक्षा में पहुंचे सात बच्चों को सरकार की ओर से साइकिल उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में इसके अलावा उद्योग विभाग की योजनाओं के तहत युवा उद्यमियों को उद्यम क्रांति योजना के तहत औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए सहायता राशि के चेक एवं वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन सहित सरकार की अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।

सहरिया परिवारों की बकरियों की मांग

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने शुक्रवार को शिविर से पहले चैत की जन-मन कॉलोनी का जायजा लिया। साथ ही, सहरिया परिवारों के लोगों से संवाद भी किया। सहरिया जनजाति के कुछ लोगों ने सरकार की योजनाओं के तहत बकरियां उपलब्ध कराने की मांग रखी।

जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि लोग अपने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने भेजें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार शेड सहित बकरियां व अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।