BREAKING NEWS
2026-08-07

बड़वानी में जमीन विवाद में महिला की हत्या, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बड़वानी।

बड़वानी जिले के सिलावद थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला की डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई। सिलावद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। थाना सिलावद पुलिस ने इस गंभीर मामले का राजफाश किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे ग्राम कालाखेत के नदी फलिया में हुई। इस दौरान भारसिंग जमरे के पुत्र केवल और महेश खेत के पास मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी मनीष जमरे (20) ने जमीन विवाद को लेकर दोनों से गाली-गलौज शुरू कर दी थी।
विरोध करने पर मनीष जमरे ने अपने रिश्तेदार राकेश जमरे (26) को मौके पर बुला लिया। दोनों आरोपितों ने लकड़ी के डंडे से मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख बीच-बचाव करने पहुंची जाकलीबाई पर आरोपित मनीष ने डंडे से सीने पर जोरदार वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से जाकलीबाई मौके पर ही बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से फरार हो गए थे।

Advertisement

पुलिस कार्रवाई

थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी के अनुसार, घटना के बाद थाना सिलावद में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त किया गया। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बलवंत सिंह बिसेन, एएसआई किशोर जैसवाल, प्रधान आरक्षक संदेश पांचाल, आरक्षक अंतरसिंह, सुनील चौहान एवं पारसिंह डोडवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।