BREAKING NEWS

जबलपुर के खितौला में कपड़ा व्यापारी के घर लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

पनागर क्षेत्र के एक गांव के तीन युवकों की अचानक शुरू हुई लग्जरी लाइफस्टाइल और नई चमचमाती कारों की सवारी ने उन्हें पुलिस के रडार पर ला खड़ा किया। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर पूछताछ किए जाने पर, खितौला थाना क्षेत्र में हुई लाखों की नकबजनी की बड़ी वारदात की गुत्थी सुलझ गई।

Advertisement

खितौला पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान पनागर के ग्राम भरदा पड़रिया निवासी अंकित कोरी (22), आकाश पटेल (28) और शनि पटेल (18) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया। इसमें लगभग 31.65 लाख रुपये मूल्य के 212.3 ग्राम सोने और 808.8 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक अल्टो (Alto) और एक अमेज (Amaze) कार, तथा 54 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि 12 जून 2026 को खितौला की पालीवाल कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी कमल नारायण सोनी ने अपने सूने मकान से सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पनागर के भरदा पड़रिया गांव के अंकित, आकाश और शनि के पास अचानक काफी पैसा आ गया है और उन्होंने हाल ही में दो कारें भी खरीदी हैं। साथ ही, यह भी खबर मिली कि ये तीनों युवक इलाके के आभूषण व्यापारियों से सोने-चांदी के जेवर बेचने या गिरवी रखने के संबंध में संपर्क साध रहे थे।

सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपितों ने स्वीकार किया कि चोरी के जेवर बेचकर मिले पैसों से ही उन्होंने कारें खरीदी थीं।

फिलहाल, पुलिस आरोपितों को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।