बुलंद सोच, देवास।
देवास में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के गुरुवार के दौरे के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। जानकारी मिलते ही सोनकच्छ क्षेत्र के बीसाखेड़ी मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राएं अपनी सड़क की समस्या लेकर सर्किट हाउस पहुंच गए।
छात्राओं ने उपमुख्यमंत्री से “सर, हमारी सड़क बनवा दो. हमारी प्रॉब्लम सुनो” कहकर सड़क निर्माण की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद ग्राम सचिव उन्हें धमकाते हैं।
इस पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आश्वासन दिया कि सड़क और पुल, दोनों का निर्माण कराया जाएगा तथा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
छात्राओं ने बताया कि जलोदिया और ढाबला के बीच की लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क वर्षों से जर्जर है। बारिश के दिनों में यह पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे उन्हें प्रतिदिन स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी होती है।
विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि कई बार देर से पहुंचने पर शिक्षकों की डांट भी सुननी पड़ती है। उन्होंने सड़क के साथ पुल निर्माण की भी मांग रखी।
उधर, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर को बच्चों के सर्किट हाउस पहुंचने की जानकारी मिलने पर वे विद्यार्थियों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने समस्या शीघ्र हल कराने का भरोसा दिया।
विधायक सोनकर ने कहा कि उन्हें पहले कभी किसी ने इस समस्या से अवगत नहीं कराया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जानकारी मिलने के बाद वे सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास करेंगे।

