BREAKING NEWS
2026-08-14

बेंगलुरु में लापता इंदौर निवासी इंजीनियर का मोबाइल-ड्रोन मिला, चैट हिस्ट्री में कई युवतियों से संपर्क

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बेंगलुरु।

बेंगलुरु की पहाड़ी पर ट्रेकिंग करने गए इंदौर निवासी इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय का गुरुवार को भी कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस को पहाड़ी हिस्से में उनका मोबाइल और ड्रोन मिला है।

Advertisement

तकनीकी जांच में यह सामने आया है कि अद्वैत की सगाई चार माह पहले हुई थी, लेकिन उनकी चैट हिस्ट्री में कई युवतियों से संपर्क मिला है।

ट्रेकिंग पर जाने के दौरान उनका मोबाइल बंद मिला था। उनकी आखिरी लोकेशन जहां मिली है, उसके आसपास चार किलोमीटर के हिस्से में खोजबीन की गई है।

पुलिस आत्महत्या के एंगल के अलावा इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं उन्होंने खुद को लापता दिखाने की कोई योजना तो नहीं बनाई थी।

लापता होने से पहले अद्वैत ने अपनी मंगेतर से बात की थी। मंगेतर ने पुलिस को बताया कि बातचीत सामान्य थी और अद्वैत ने उन्हें ट्रेकिंग पर जाने की जानकारी दी थी। बातचीत से ऐसा कहीं भी नहीं लगा कि वह किसी तरह के तनाव में थे।

अद्वैत बेंगलुरु की एक कंपनी में इंजीनियर हैं। पुलिस ने उनके सहकर्मियों से भी बात की, लेकिन उनसे ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई।

इंदौर निवासी अद्वैत उपाध्याय शुक्रवार को बेंगलुरु के शांताला पॉइंट से लापता हुए थे। पुलिस ने शांताला पॉइंट के आसपास खोजने के अलावा अब खोज अभियान का दायरा और बढ़ा दिया है।

पुलिस ने उन्हें खोजने के लिए खोजी श्वान और ड्रोन की मदद ली है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

पुलिस ने उनके कमरे की तलाशी के दौरान भी सबूत जुटाए हैं और उनके लैपटॉप तथा अन्य उपकरणों की भी जांच की है।