बुलंद सोच, भिंड।

बरोही थाना पुलिस ने 11 सितंबर को ग्वालियर रोड पर अमलेड़ी तिराहे के आगे मिले क्षतिग्रस्त अज्ञात शव की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रंजिश और प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या की और वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को हाईवे पर ट्रक के सामने फेंक दिया।
पुलिस को 11 सितंबर को सूचना मिली थी कि ग्वालियर रोड पर अमलेड़ी तिराहे के आगे एक व्यक्ति बुरी तरह कुचली हालत में सड़क पर पड़ा है। चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में मृतक के शरीर पर बने टैटू और कपड़ों के आधार पर उसके भाई रायसिंह नरवरिया ने पहचान पुर निवासी धर्मवीर उर्फ गजनी नरवरिया के रूप में की।
जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक के दोस्तों व रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई।
इसके बाद पुर निवासी राहुल भदौरिया को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपित ने मृतक को पार्टी के बहाने बुलाया और नशा कराया। इसके बाद बाइक से हाईवे पर ले जाकर बातचीत के बहाने नीचे उतारा और आ रहे ट्रक के सामने धक्का दे दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को सड़क पर छोड़ दिया था।
बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान के बाद तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में विवेचना जारी है।

