बुलंद सोच, कटनी।

कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में एक बहुचर्चित मामले में जिला न्यायालय ने निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित दो अन्य आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
मामले की जाँच कर रही और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही एसआईटी ने जिला न्यायालय में निलंबित सीएसपी, उनके सहयोगी क्षितिज राज और मारूफ अहमद के खिलाफ मियादी वारंट जारी करने के संबंध में आवेदन दिया था।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मनीषा जैन तिवारी की अदालत ने शुक्रवार को तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए, गिरफ्तारी के लिए 25 सितंबर तक की मियाद निर्धारित की है। न्यायालय ने पुलिस को निर्धारित तिथि तक तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं।
निलंबित सीएसपी सहित इन तीनों पर भ्रष्टाचार, हत्या के आरोपितों को बचाने की साजिश रचने और करोड़ों रुपये की जमीन को दबाव बनाकर महज 18 लाख रुपये में अपने नाम करा लेने का आरोप है।
इन तीनों ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत अर्जी लगाई थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया था।
इधर, निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया से संबंधित मामला उच्च न्यायालय की जबलपुर पीठ में भी विचाराधीन है।
उनकी ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई से पहले जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में अगली सुनवाई 21 सितंबर को प्रस्तावित है, जिसमें याचिकाकर्ता की ओर से मांगी गई अंतरिम राहत पर विचार किया जाना है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि कुठला थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध के मामले में जिला न्यायालय ने तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।

