BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में मेट्रो सुपरवाइजर व साथियों से लूटपाट, पांच आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

जहांगीराबाद पुलिस ने सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास कार सवार मेट्रो सुपरवाइजर और उसके साथियों पर हमला कर मोबाइल लूटने वाले पांच आरोपितों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने डंडों से कार के शीशे तोड़े थे। विरोध करने पर युवकों से मारपीट की गई और चाकू दिखाकर दो मोबाइल फोन लूटकर वे फरार हो गए थे।

Advertisement

वारदात का विवरण

पुलिस के अनुसार, नरेंद्र देव नगर निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत मेट्रो में सुपरवाइजर हैं। 11 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे वह बंटी अहिरवार और रोहित अहिरवार के साथ एक कार से सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास बैठे थे। इसी दौरान जिंसी की तरफ से दो-तीन युवक एक ऑटो में पहुंचे। उन्होंने कार को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

बदमाशों ने डंडों से कार के आगे और दाहिनी तरफ के शीशे तोड़ दिए। इस हमले में वीरेंद्र और बंटी घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनसे रुपये मांगे। रुपये नहीं मिलने पर बदमाशों ने कार में रखे दो मोबाइल फोन लूटे और मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच और आरोपियों की पहचान

मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार ने उपनिरीक्षक कमलेश यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लूटे गए मोबाइल की लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपितों का सुराग मिला।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अर्जुन नगर बस्ती में घेराबंदी कर शहबाज खान उर्फ सब्बू (28), रेहान खान (20), बादशाह उर्फ नजर (24), अयान खान (18 वर्ष छह माह) और मेहफूज खान (18 वर्ष पांच माह) को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद सामान और आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन, लोहे की छुरियां, तार कटर, प्लास, एक्स-रे ब्लेड और एक टूटा हुआ ताला बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, रेहान के खिलाफ सात और बादशाह के खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।