बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी के टीटी नगर इलाके में एक युवक ने युवती के घर पर पेट्रोल से भरी बोतल (पेट्रोल बम) फेंककर आग लगाने की कोशिश की। युवती द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराने और दूसरी जगह रिश्ता तय होने से आक्रोशित होकर युवक ने यह वारदात की। अचानक हुए इस हमले से परिजनों में हड़कंप मच गया, हालांकि परिवार के लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
पूर्व उत्पीड़न और धमकियां
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरबाज उर्फ भैयू युवती को पहले से जानता था और उसे परेशान कर रहा था। आरोपी ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे युवती ने साफ मना कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। जब हाल ही में युवती की शादी किसी दूसरी जगह तय हुई, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती चली गईं। उसने युवती के मंगेतर को फोन पर जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद युवती की मोपेड पर पत्थर बरसाकर तोड़फोड़ कर दी। परेशान होकर पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी और टीटी नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद भी आरोपी बाज नहीं आया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
आरोपी ने 14 सितंबर को युवती के घर को निशाना बनाते हुए उस पर पेट्रोल बम फेंका था। इस पूरी घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। टीटी नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी अरबाज उर्फ भैयू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है और घटना से जुड़ी विस्तृत पूछताछ कर रही है।

