BREAKING NEWS
2026-10-17

अग्निवीर भर्ती शारीरिक परीक्षा 1 अक्टूबर से, शेड्यूल जारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत आगामी 1 अक्टूबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

Advertisement

इस शारीरिक परीक्षा में प्रदेश के 10 जिलों से कुल 10,205 अभ्यर्थी भाग लेंगे। चंबल अंचल के भिंड और मुरैना जिलों से सर्वाधिक युवा शामिल हो रहे हैं, जिन्होंने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर शारीरिक परीक्षा के लिए अर्हता प्राप्त की है।

सेना भर्ती कार्यालय महू, रायपुर और जबलपुर के अग्निवीर क्लर्क पद के अभ्यर्थियों की भी शारीरिक परीक्षा सागर में ही आयोजित होगी। इन तीन सेना भर्ती कार्यालयों से 855 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर भर्ती के लिए 477 अभ्यर्थी 12 अक्टूबर को शारीरिक परीक्षा देंगे।

विशेष ट्रेनों की मांग

हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू, सागर के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन, अभी भी अधर में है। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा रेलवे को पत्र लिखकर सागर के लिए विशेष ट्रेनें चलाने और ट्रेनों में अतिरिक्त बोगी लगाने का आग्रह किया गया है।

कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए कहा कि “रेलवे को पत्र लिख दिया है।” हालांकि, परीक्षा केंद्र तक अभ्यर्थियों के सुरक्षित और समय पर पहुंचने के लिए रेलवे और प्रशासन की ओर से विशेष ट्रेन चलाने को लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम

सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी जिलेवार और श्रेणीवार शेड्यूल के अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:

1 अक्टूबर को सभी जिलों के अग्निवीर ट्रेडमैन के 505 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

2 अक्टूबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी के मुरैना, भिंड, छतरपुर जिलों के 964 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

3 अक्टूबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी के भिंड, दतिया, श्योपुर जिलों के 975 अभ्यर्थी उपस्थित रहेंगे।

4 अक्टूबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी के शिवपुरी, मुरैना, श्योपुर जिलों के 983 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

5 अक्टूबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी के सागर, मुरैना, टीकमगढ़, श्योपुर जिलों के 998 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

6 अक्टूबर को अग्निवीर तकनीकि के दतिया, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़, सागर जिलों के 963 अभ्यर्थी उपस्थित रहेंगे।

7 अक्टूबर को अग्निवीर तकनीकि के निवाड़ी, शिवपुरी, श्योपुर, सागर जिलों के 897 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

8 अक्टूबर को अग्निवीर तकनीकि के भिंड, ग्वालियर, निवाड़ी, मुरैना जिलों के 900 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

9 अक्टूबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी के ग्वालियर, निवाड़ी, मुरैना जिलों के 787 अभ्यर्थी उपस्थित रहेंगे।

10 अक्टूबर को सभी जिलों के अग्निवीर क्लर्क के 901 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।