बुलंद सोच, इंदौर।

राहुल गांधी के 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान का किराया बढ़ा दिया है।
कांग्रेस ने इस मैदान के लिए पहले ही 10 लाख आठ हजार रुपये जमा करा दिए थे।
इसके बाद, आईडीए ने कांग्रेस को एक नया नोटिस जारी करते हुए चार लाख तीन हजार 270 रुपये और जमा कराने का निर्देश दिया।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि इंदौर विकास प्राधिकरण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर काम कर रहा है।
चौकसे ने कहा कि प्राधिकरण ने पहले मनमाने तरीके से शुल्क लगाया, जिसमें दो लाख रुपये किराया बताया गया था जबकि 10 लाख रुपये जमा कराए गए।
उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस ने गुरुवार को यह अतिरिक्त राशि भी जमा करा दी है।
आईडीए द्वारा कांग्रेस को जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि 12 हजार वर्गमीटर जमीन 17 से 19 सितंबर तक अस्थायी लीज पर दी गई थी, लेकिन निरीक्षण में पाया गया कि आवंटित जमीन के लगभग 4800 वर्गमीटर हिस्से का उपयोग 14 सितंबर से ही शुरू हो गया था।
इसलिए, इस अतिरिक्त अवधि के उपयोग के लिए चार लाख तीन हजार 270 रुपये अतिरिक्त जमा कराने होंगे।
कांग्रेस द्वारा यह राशि जमा कराने के बाद, अब तक जमा की गई कुल राशि 14 लाख 11 हजार रुपये से अधिक हो गई है।
इंदौर विकास प्राधिकरण ने 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को 12 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित की है।
तीन दिन के लिए रीजनल पार्क के सामने मैदान दिए जाने के साथ ही, आईडीए ने पांच शर्तें भी लगाई हैं।
इन शर्तों में अन्य विभागों से आयोजन की अनुमति लेना, जगह का अधिक समय तक उपयोग करने पर अतिरिक्त लीज रेंट चुकाना, तथा ध्वनि, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित नियमों व बंदोबस्तों का पालन करना शामिल है।
आईडीए के इस पत्र के बाद, कांग्रेस ने आयोजन की अनुमति के लिए पुलिस कमिश्नर को भी पत्र सौंप दिया है।
युवाओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्योता दिया जा रहा है।

