बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के पुराने शहर के एसिड मार्केट में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात गाली देने की बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों ने रैपिडो बाइक चालक को रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, निशातपुरा के विश्वकर्मा नगर निवासी 21 वर्षीय हासिल अली, पिता संजय साहू, रैपिडो बाइक चलाता है। शुक्रवार रात उसे कमला पार्क के पास से एक राइड की बुकिंग मिली थी, जो मौके पर पहुंचने से पहले ही रद्द हो गई थी। इसके बाद वह अपनी बाइक से पीरगेट होते हुए एसिड मार्केट की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान बाइक से आए अल्फेज, अयान फटी और साहिल काला ने उसे रोक लिया। तीनों ने हासिल पर उनके बारे में गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। हासिल ने इस आरोप से इनकार करते हुए सफाई दी, लेकिन बात बढ़ गई।
आरोपितों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में हासिल के गले और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पेट और पीठ पर भी चाकू से वार किए गए।
वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल हासिल को उसके परिचित तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने बयान दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुराने विवाद की भी जांच
एसआई दयाशंकर पांडे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों का घायल हासिल के बड़े भाई साहिल से पहले से विवाद चल रहा है। पुलिस अब इसी पुराने विवाद को हमले की वजह से जोड़कर भी जांच कर रही है। आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

