बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले में एक परिवार का पालतू तोता लापता हो गया है, जिससे घर में मातम छा गया है। पूर्व सैनिक चंदन मिश्रा का यह तोता, जिसका नाम ‘गोपी’ है, शनिवार दोपहर अचानक उड़कर गायब हो गया। तोते के गायब होने से परिवार के सभी सदस्य परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार, सोहागपुर थाना क्षेत्र के बाणगंगा मेला मैदान के पास रहने वाले चंदन मिश्रा का पालतू तोता ‘गोपी’ बच्चों के साथ खेलते समय उड़ गया और वापस नहीं लौटा। परिवार ने बताया कि वे करीब एक साल पहले तोते को अनूपपुर जिले के अमरकंटक से लाए थे, तब वह काफी छोटा था। परिवार ने उसे बचपन से पाला था और वह घर के सदस्यों के साथ पूरी तरह घुल-मिल गया था।
परिवार के मुताबिक तोते का नाम ‘गोपी’ है और उसे प्यार से ‘मिट्ठू’ भी कहा जाता है। वह हरे रंग का है और उसकी गर्दन पर काली रिंग है, साथ ही उसकी पीठ के पंख की पहचान अलग है। यह घर के सदस्यों की आवाज और कुछ शब्द भी बोलता है।
तोते को ढूंढने के लिए परिवार ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर जारी कर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। चंदन मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को ‘गोपी’ दिखाई दे तो उसे सुरक्षित रखकर सूचना दें। सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
चंदन मिश्रा ने यह भी बताया कि ‘गोपी’ के वापस मिलने तक घर में व्रत रखा गया है। परिवार ने एक पुजारी से भी संपर्क किया है और यदि तोता नहीं मिला तो सोमवार को हवन कराने की तैयारी है।

