बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के अन्नपूर्णा इलाके में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी ने एक ही दिन में पंप मालिक को 90 हजार रुपये का चूना लगा दिया। वह सुबह नौकरी पर प्रशिक्षण लेकर रखा गया था और रात में कलेक्शन के रुपये जमा कराने के दौरान फरार हो गया।
पुलिस ने इस मामले में शनिवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अन्नपूर्णा पुलिस ने महूनाका स्थित उषाराज पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर आशीष चौहान की शिकायत पर फतेहपुर सीकरी निवासी विजय सिंह पुत्र विष्णुसिंह के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
आशीष चौहान ने बताया कि विजय सिंह 20 जुलाई को उनके पास काम के लिए आया था। उसने अपना आधार कार्ड प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे एक दिन का प्रशिक्षण दिया गया।
21 जुलाई की सुबह उसे नौकरी पर रखा गया और वह सुबह 11 बजे ड्यूटी पर आया। रात 11 बजे कर्मचारियों की निर्धारित ड्यूटी खत्म होने पर जब सभी कर्मचारी बेचे गए पेट्रोल के रुपये काउंटर पर जमा कर रहे थे, तभी विजय सिंह वहां मौजूद नहीं था।
उसे आसपास काफी ढूंढा गया, लेकिन वह नहीं मिला। उसने जो मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, वह भी बंद आ रहा था।
आशीष चौहान ने इस मामले में पुलिस को लिखित आवेदन दिया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच के उपरांत आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

