बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले में एक पालतू तोते के लापता होने का मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। परिवार ने तोते की तलाश के लिए सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। यह पोस्टर अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोहागपुर थाना क्षेत्र के बाणगंगा मेला मैदान के पास रहने वाले पूर्व सैनिक चंदन मिश्रा का पालतू तोता ‘गोपी’ शनिवार दोपहर अचानक उड़ गया। तोते को प्यार से ‘मिट्ठू’ भी बुलाया जाता है।
मिश्रा ने बताया कि वह लगभग एक साल पहले इस तोते को अनूपपुर जिले के अमरकंटक से लाए थे। उस समय तोता काफी छोटा था और परिवार ने उसे बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया था। तोता घर के सदस्यों के साथ पूरी तरह घुल-मिल गया था।
पोस्टर में तोते का विवरण दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि वह हरे रंग का है और उसकी गर्दन पर काली रिंग है। उसकी पीठ के पंखों की पहचान अलग है। यह तोता परिवार के सदस्यों की आवाज और कुछ शब्द भी बोलता है। पोस्टर में उसके कुछ खास शब्दों का भी उल्लेख किया गया है, जिससे उसे पहचानने में आसानी हो सके।
चंदन मिश्रा ने बताया कि शनिवार को बच्चे तोते के साथ खेल रहे थे, तभी वह अचानक उड़ गया और वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे हैं। तोते के गायब होने से परिवार के सभी सदस्य परेशान हैं। मिश्रा के अनुसार, परिवार के लोगों ने तोते के वापस मिलने तक व्रत रखने का फैसला किया है और उन्होंने एक पुजारी से भी संपर्क किया है। यदि तोता नहीं मिला तो परिवार सोमवार को हवन कराने की तैयारी कर रहा है।
परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को ‘गोपी’ दिखाई दे तो उसे सुरक्षित रखने और परिवार तक पहुंचाने में मदद करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

