बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम के बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह से शनिवार देर रात सात बाल अपचारी होमगार्ड सैनिक से मारपीट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर उनकी तलाश शुरू की।
रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली के पास छह बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया। एक बाल अपचारी की तलाश अभी भी जारी है।
रविवार सुबह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन ने बाल सुधार गृह पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सभी फरार हुए बाल अपचारी 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के हैं। इनके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, मादक पदार्थों की तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
इनमें से दो बाल अपचारियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है, दो पर दुष्कर्म, एक पर रंगदारी, एक पर हत्या और एक पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत पुत्र जानकी बल्लभ शर्मा चैनल गेट के पास चादर ओढ़कर सो रहे थे। इसी दौरान सातों बाल अपचारियों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत उन्हें घेर लिया। एक बाल अपचारी ने डंडे से हमला किया, जिसके बाद सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
मारपीट के बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखी मुख्य शटर की चाबी निकाली और चैनल गेट का ताला खोलकर मुख्य द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए।
थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब तीन बजे मिली थी। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया। सीसीटीवी फुटेज और फोटो के आधार पर तलाश करते हुए पुलिस ने नामली के पास छह बाल अपचारियों को पकड़ लिया।
मारपीट में घायल होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत शर्मा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने निर्देश दिए कि बाल सुधार गृह में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि फरार बाल अपचारी की तलाश प्राथमिकता से की जा रही है और उसे सुरक्षित अभिरक्षा में लेने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

