बुलंद सोच, इंदौर।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी इंदौर पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प के पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की जानकारी प्रदान की। जोशी ने बताया कि इसी क्रम में गुजरात के बड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से बड़नगर तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में युवा गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बीच सेवा कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जोशी ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस यात्रा को लोगों का समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे भी सेवा संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए इंदौर आए हैं और अगले दो दिनों तक उन ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां से यह यात्रा गुजर रही है।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर की गई टिप्पणी के सवाल पर हेमांग जोशी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले ‘भारत जोड़ो’ नाम से प्रकल्प शुरू किया गया था, लेकिन उनकी अपनी पार्टी ही टूट गई। जोशी ने आरोप लगाया कि अब वे ‘झूठ की गूंज’ का नया प्रकल्प लेकर निकले हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का जिक्र करते हुए जोशी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्रों की हुंकार को दिल्ली विश्वविद्यालय में दिखा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का युवा राष्ट्रप्रेमी है और विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है। राहुल गांधी को लेकर जोशी ने आरोप लगाया कि उनकी पीआर टीम उन्हें पीपीटी (PPT) बनाकर देती है और राहुल गांधी उसी पीपीटी को पढ़ते हैं। जोशी ने कहा कि यदि राहुल गांधी से पीपीटी के बिना कोई सवाल किया जाए तो उनके पास कोई सामग्री (कंटेंट) नहीं रहेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जितनी चाबी भरी राम ने, उतना चले खिलौना।”

