BREAKING NEWS
2026-08-10

भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए विशेष राखी गिफ्ट किट लॉन्च की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन के पावन पर्व को और अधिक यादगार बनाने के लिए एक विशेष पहल की है। मुख्य डाकघर (जीपीओ) में राखी गिफ्ट किट रखी गई है, जिसे बहनें अपने भाइयों को भेज सकेंगी। यह गिफ्ट किट 10 अगस्त से ग्राहकों को उपलब्ध करवाई जाएगी।
यह विशेष बॉक्स प्रसिद्ध कुकीज़ ब्रांड “कुकी बॉक्स” के सहयोग से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को एक ही पैक में राखी, मिठास और शुभकामनाएं अपने प्रियजनों तक आसानी से पहुंचाने की सुविधा देना है। इस विशेष गिफ्ट बॉक्स की कीमत 121 रुपये रखी गई है। इस राशि में गिफ्ट आइटम को भेजा जा सकेगा और अलग से कोई पोस्टल चार्ज नहीं लगेगा।
गिफ्ट बॉक्स में दो स्वादिष्ट कोकोनट कुकीज़, एक पारंपरिक राखी, कुमकुम और अक्षत शामिल किए गए हैं, ताकि भाई-बहन के इस पवित्र त्योहार की सभी आवश्यक सामग्री एक ही पैकेज में उपलब्ध हो सके। आकर्षक पैकिंग के कारण यह बॉक्स उपहार के रूप में भी बेहद खास रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल तक राखी और अक्षत का पैकेट रखे गए थे, मगर इस बार बॉक्स में मिठाई में कुकीज़ भी रखी गई है। वे कहते हैं कि यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभदायक होगी, जिनके परिवार के सदस्य दूसरे शहरों में रहते हैं।

Advertisement

विदेश में राखी और पार्सल सेवा

डाक विभाग की आइटीपीएस सेवा के माध्यम से अब ग्राहक कम शुल्क में विदेशों में भी राखियां भेज सकते हैं। इसके अलावा, एयर पार्सल और इंटरनेशनल स्पीड पोस्ट सहित सेवाएं रखी हैं। इनके माध्यम से ग्राहक अपने पार्सल भी दुनिया के विभिन्न देशों में आसानी और किफायती दरों पर भेज सकते हैं। विभाग दो हजार से ज्यादा शहरों में पार्सल भेज सकेगा।

'हर घर तिरंगा' अभियान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डाक विभाग इंदौर परिक्षेत्र में 10 से 13 अगस्त तक ”हर घर तिरंगा” अभियान चलाएगा। इस दौरान तिरंगा साइकिल रैली और तिरंगा मार्च का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की जाएगी। इसी अभियान के तहत 11 अगस्त को इंदौर जीपीओ परिसर से एक विशाल तिरंगा मार्च भी निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

सावन में गंगाजल की उपलब्धता

पवित्र श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डाक विभाग गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध करा रहा है। यह सुविधा इंदौर परिक्षेत्र के सभी प्रधान डाकघरों, चयनित उप डाकघरों और प्रमुख महादेव मंदिरों में सावन के प्रत्येक सोमवार को विशेष केनोपी के माध्यम से दी जा रही है। श्रद्धालु 250 मिलीलीटर की पैकिंग में पवित्र गंगाजल मात्र 30 रुपये में प्राप्त कर सकते हैं।