BREAKING NEWS

जबलपुर में रेल फाटक पर मिनी ट्रक फंसा, रेल यातायात प्रभावित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर-कटनी रेलखंड पर गुरुवार दोपहर आधारताल-देवरी के बीच एक रेल फाटक पर मिनी ट्रक के अचानक फंस जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। ट्रक का एक्सल टूटने के कारण वह फाटक के बीचोंबीच अटक गया, जिससे सुरक्षा कारणों से रेल परिचालन तत्काल नियंत्रित करना पड़ा। यह घटना समपार फाटक क्रमांक 323 पर हुई।

Advertisement

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब 20 मिनट के भीतर ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और लगभग 3:30 बजे फाटक से रेल संचालन बहाल कर दिया गया। रेलवे की त्वरित कार्रवाई से अनहोनी का हादसा टाल दिया गया।

प्रभावित ट्रेनें

इस घटनाक्रम का असर कई ट्रेनों के समय पर पड़ा। कटनी की ओर से जबलपुर आने वाली रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस कर्मभूमि एक्सप्रेस, पहले से विलंबित हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस और राजगीर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस करीब दो-दो घंटे की देरी से जबलपुर पहुंचीं।

पहले से लगभग एक घंटे विलंब से चल रही अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी भी करीब दो घंटे की देरी से अपने गंतव्य पहुंची। कटनी-इटारसी मेमू भी लगभग दो घंटे विलंबित रही।

रामेश्वरम-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई।

वहीं, कटनी की ओर जाने वाली जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और रामेश्वरम-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं, हालांकि इन्हें जल्द ही आगे रवाना कर दिया गया।

कटनी से जबलपुर आने वाली ट्रेनों पर सबसे अधिक असर देखने को मिला, जिन्हें सुरक्षा कारणों से पूर्ववर्ती स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने और ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।

रेलवे की कार्रवाई

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए समन्वित कार्रवाई के कारण कम समय में स्थिति सामान्य कर दी गई और रेल परिचालन सुरक्षित रूप से बहाल कर दिया गया।