बुलंद सोच, जबलपुर।

छतरपुर जिले के लवकुश नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 23 अगस्त को प्रसव के दौरान एक महिला ने 4 हाथ और 4 पैर वाले नवजात को जन्म दिया। बच्चे का वजन लगभग 3 किलोग्राम है।
नवजात शिशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए छतरपुर से खजुराहो और फिर खजुराहो से एयरलिफ्ट कर जबलपुर भेजा गया।
यहां उसे नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया है, जहां विशेषज्ञों की एक टीम उसके उपचार में जुटी हुई है। उपचार कर रही डॉक्टरों की टीम के मुताबिक, नवजात शिशु की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
'कंजॉइन्ड ट्विन्स' का दुर्लभ मामला
चिकित्सा विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने इस स्थिति को ‘कंजॉइन्ड ट्विन्स’ (जुड़े हुए जुड़वां) का एक बेहद दुर्लभ मामला बताया है।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गर्भ में दो बच्चे पल रहे थे, लेकिन विकास के शुरुआती चरणों में वे दोनों पूरी तरह अलग नहीं हो सके।
एक भाई या बहन का शरीर पूरी तरह विकसित नहीं हुआ और उसका धड़ व अंग मुख्य नवजात के पेट से जुड़ गए, जिसके कारण यह असाधारण शारीरिक संरचना सामने आई है। इस तरह के मेडिकल केस विज्ञान की दृष्टि से बेहद जटिल माने जाते हैं।

