BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 60 वर्षीय महिला का निधन, स्वजनों ने किया हंगामा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज से संबंधित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मंगलवार शाम 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के उपचार के दौरान निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला के हृदय में ब्लॉकेज थे, जिसके चलते मंगलवार को उनकी एंजियोग्राफी होनी थी। महिला का निधन उन्हें एंजियोग्राफी के लिए ऑपरेशन थिएटर में ले जाए जाने से पूर्व ही हो गया। बुजुर्ग महिला के निधन के बाद उनके स्वजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। आक्रोशित स्वजनों ने ऑपरेशन थिएटर को बाहर से बंद कर दिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजनों को समझाइश दी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के प्रभारी डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग महिला के हृदय की दो धमनियों में ब्लॉकेज था। उनकी एंजियोग्राफी होनी थी, जिसके पूर्व ही उनका निधन हो गया।

Advertisement

जिला अस्पताल में प्रथम एलएससीएस ऑपरेशन

जिला अस्पताल के मातृत्व ऑपरेशन थिएटर (मेटरनिटी ओटी) में बुधवार को प्रथम एलएससीएस ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन 37 वर्षीय गर्भवती महिला पुष्पा देवी का था, जो पोस्टडेटेड और तृतीय गर्भावस्था वाली थीं। डॉक्टरों की टीम ने जानकारी दी कि प्रसूति के लिए भर्ती महिला के गर्भ की अवधि 40 सप्ताह 5 दिन होने के कारण गर्भ में पल रहे शिशु के गले में नाल अटक गई थी। इसके साथ ही बच्चे की हृदय की धड़कन भी कम हो रही थी, जिसके कारण सिजेरियन ऑपरेशन आवश्यक हो गया था। इस ऑपरेशन में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पना भटनागर, डॉ. कामिनी सिमलोट एवं डॉ. मयंक सोनी ने अहम भूमिका निभाई।

वृद्धाश्रमों में सरकारी योजनाओं के शिविर

इंदौर में प्रेमाश्रय आश्रम से सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किए गए 31 वृद्धजनों और निराश्रितजनों को अब सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन उनके पास पहुंचेगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे वृद्धाश्रमों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ें। इन शिविरों में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी इन वृद्धजनों को दिलाया जाएगा। विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई करेंगे। उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप नगर में अवैध रूप से संचालित प्रेमाश्रय आश्रम को जिला प्रशासन ने सील कर दिया था। वहां रह रहे 31 वृद्धजनों और निराश्रितजनों को सुरक्षित रूप से मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों में स्थानांतरित किया गया है। इन वृद्धाश्रमों में गणेश बुजुर्ग आश्रम वृंदावन कॉलोनी, निराश्रित सेवा आश्रम पितृ पर्वत गांधी नगर और आशा निलय आरोग्यधाम वृद्धाश्रम रंगवासा शामिल हैं।

बिलासपुर अस्पताल में लापरवाही

बिलासपुर जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसके कारण गलत ऑपरेशन से एक प्रसूता जिंदगी से जंग लड़ रही है।