बुलंद सोच, जबलपुर।

पनागर थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक द्वारा महिला से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित चालक ने महिला को गौरीघाट छोड़ने का भरोसा दिलाकर ऑटो में बैठाया। उसने रास्ता बदलकर नेशनल हाईवे पर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर महिला से मारपीट की और दुष्कर्म करने के बाद उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 28 वर्षीय महिला गौरीघाट जाने के लिए निकली थी और पैदल परियट क्षेत्र में मंटा डेयरी के पास पहुंची थी। इसी दौरान, वहां ऑटो लेकर पहुंचे चालक ने उससे गंतव्य के बारे में पूछा। महिला ने गौरीघाट जाने की बात कही तो चालक ने भी उसी दिशा में जाने की बात कहते हुए उसे अपने ऑटो में बैठा लिया।
कुछ दूरी तक ऑटो सामान्य मार्ग से चला, लेकिन करोंदा नाला पहुंचने के बाद चालक ने वाहन को बाईपास होते हुए नेशनल हाईवे की ओर मोड़ दिया। जब महिला ने रास्ता बदलने का कारण पूछा तो चालक ने नेशनल हाईवे से जल्दी गौरीघाट पहुंचाने की बात कहकर उसे झांसे में ले लिया।
नेशनल हाईवे पर पहुंचने के बाद चालक ने ऑटो को कटनी की ओर मोड़ दिया और एक सुनसान इलाके में रोक दिया। आरोप है कि चालक ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने महिला से मारपीट की और फिर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित महिला का मोबाइल फोन लेकर ऑटो सहित मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर पनागर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित के हुलिए और संभावित मार्गों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।

