BREAKING NEWS
2026-10-17

देवास में मां तुलजा भवानी और चामुंडा माता की पालकी को मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

देवास की धार्मिक विरासत में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, जिसकी पहचान मां तुलजा भवानी एवं चामुंडा माता के नाम से है। नवरात्र के माता मूर्ति विसर्जन चल समारोह के दौरान माता टेकरी से निकलने वाली मां चामुंडा और तुलजा भवानी माता की पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा। यह पहली बार होगा, जिसको लेकर शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।

Advertisement

यह निर्णय सोमवार को नगर निगम सभागार में नवरात्र की तैयारियों के संबंध में हुई एक बैठक में लिया गया। बैठक में विधायक गायत्रीराजे पवार, महापौर दुर्गेश अग्रवाल, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, कमिश्नर दलीप कुमार, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

विधायक पवार ने बैठक में कहा कि देवास की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी से है, जिनके आशीर्वाद से देवास निरंतर विकास कर रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने सुझाव दिया कि देवास के आस्था के सबसे बड़े पर्व नवरात्र के विसर्जन चल समारोह में टेकरी से निकलने वाली मां चामुंडा और तुलजा भवानी की पालकी (सवारी) को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना चाहिए।

विधायक की इस पहल का बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले ने स्वागत किया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने गार्ड ऑफ ऑनर के लिए अपनी सहमति प्रदान करते हुए इस आयोजन को मूर्त रूप देने की बात कही।

विधायक पवार ने बताया कि उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है, जिससे उनके मन में विचार आया कि देवास में भी ऐसा होना चाहिए, क्योंकि इस शहर की पहचान माता टेकरी से जुड़ी है। इसी कारण यह सुझाव दिया गया, जिस पर सभी ने सहमति व्यक्त की।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर

विधायक पवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में नवरात्र के दौरान शहर में की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर भी कई निर्णय लिए गए। विधायक ने कहा कि टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा और पार्किंग के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।

शहर में विराजित मां दुर्गा के पंडालों के आसपास नगर निगम द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों से भी अपील की गई कि वे भी सफाई व्यवस्था में अपना सहयोग प्रदान करें। साथ ही, पॉलिथीन और डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग से बचने तथा कचरा डस्टबिन में ही संग्रहित करने का आग्रह किया गया।

टेकरी के अन्य मंदिरों पर ताले न लगाने का निर्देश

विधायक पवार ने बैठक में यह भी कहा कि नवरात्र के दौरान टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमानजी, कालिका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों पर ताला लगा दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी रहती है। इस नवरात्र महोत्सव में ताला खुला रखने हेतु चर्चा की गई, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने इस बात का विशेष ध्यान रखने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की स्थिति में यह निर्णय लिया जाता है।

पोस्टर-बैनर में देवियों के सम्मान पर जोर

बैठक में विधायक पवार ने शहर के सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक दलों से अपील की कि नवरात्र के दौरान नियमों का पालन करते हुए पोस्टर-बैनर लगाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बैनर-पोस्टर में मां चामुंडा और तुलजा भवानी के चित्रों को उचित सम्मान दिया जाए। विधायक पवार ने स्पष्ट किया कि पोस्टर-बैनर में दोनों माताओं के फोटो सबसे बड़े होने चाहिए, उनसे छोटे ही अन्य नेताओं या संस्था प्रमुखों के फोटो हों, क्योंकि शहर की पहचान इन्हीं देवियों से है।

महापौर ने की पॉलिथीन उपयोग न करने की अपील

महापौर गीता अग्रवाल ने बैठक में कहा कि परिक्रमा मार्ग और शंख द्वार-सीढ़ी मार्ग से माता दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं से प्रसाद व अन्य सामग्री को लेकर अस्थायी दुकानदारों द्वारा अभद्रता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भंडारे और माता टेकरी पर पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की भी अपील की।

सभापति ने सुझाए कई प्रबंध

सभापति रवि जैन ने सुझाव दिया कि दोनों माताओं का शहर के मुख्य मार्गों पर लगी एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने दो से तीन एंबुलेंस के साथ डॉक्टर की व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया। माता टेकरी पर भिक्षावृत्ति पूर्णतः प्रतिबंधित रखने को कहा गया। जुलूस मार्ग और शहर के अन्य टेकरी पर आने वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। विकास नगर से लेकर भोपाल चौराहे तक शहर को सजाने का भी सुझाव दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से बस स्टैंड से माता टेकरी जाने वाले सीधे रास्ते से अतिक्रमण हटाने का भी आग्रह किया। नौ दिनों तक शहर में मांसाहार की दुकानें बंद रखने की बात कही गई।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के विस्तृत निर्देश

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नवरात्र पर्व के संपूर्ण आयोजन के लिए सभी विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों पर विस्तृत निर्देश दिए। इनमें बैरिकेड्स, पुलिस व्यवस्था, निगरानी हेतु कैमरे, पीने के पानी, पार्किंग स्थल, आवागमन व्यवस्था और पैदल दर्शनार्थियों की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने माता टेकरी परिसर में 24 घंटे प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, सड़कों के गड्ढे भरने तथा माता टेकरी पर आने-जाने वाले शहर के सभी मुख्य मार्गों पर फोर व्हीलर, टू व्हीलर और पैदल दर्शनार्थियों के रूट पर सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने रसूलपुर चौराहा, टाटा चौराहा, इंदिरा गांधी चौराहा और भोपाल चौराहा पर माइक, पीए सिस्टम के साथ निगरानी हेतु पुलिस एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे पशुपालक जो अपने मवेशियों को सड़कों पर छोड़ते हैं, उन पर पांच हजार या उससे अधिक का दंड लगाया जाए।

नगर निगम द्वारा की जाने वाली प्रमुख व्यवस्थाएं

आयुक्त दलीप कुमार ने नगर निगम द्वारा की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इनमें श्रद्धालुओं के लिए माता टेकरी पर पीने के पानी, साफ-सफाई, विभिन्न मुख्य मार्गों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, अस्थायी अतिक्रमण हटाना, सड़कों से आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला छोड़ना और आवारा श्वानों को पकड़कर गंतव्य स्थान पर छोड़ना शामिल है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण शहर में स्वच्छता बनाए रखने हेतु साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर भी साफ-सफाई और डस्टबिन रखे जाएंगे, साथ ही निगम द्वारा की जाने वाली अन्य व्यवस्थाओं हेतु कर्मचारियों को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।

आयुक्त ने बताया कि वाहन पार्किंग स्थलों पर पुलिस के समन्वय से प्रकाश, पानी, स्वच्छता और सूचना संकेतक लगाए जाएंगे। साथ ही, मुख्य मार्ग एबी रोड पर भी साज-सज्जा की जाएगी। मुख्य मार्गों और चिह्नित पार्किंग स्थलों पर पीने के पानी हेतु प्याऊ स्थापित किए जाएंगे और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं हेतु तैनात किया जाएगा।