बुलंद सोच, डिंडौरी।

डिंडौरी में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक विशेष नजारा देखने को मिला, जहाँ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के नेतृत्व में सभी वरिष्ठ अधिकारियों का दल एक ही बस में सवार होकर अमरपुर विकासखंड के लिए रवाना हुआ।
इस दल में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडोरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों का एक साथ बस से रवाना होना टीमवर्क और समन्वय का प्रतीक बना।
यह दल विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होगा, यहीं से जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, साथ ही हितग्राहीमूलक कार्यक्रम, जनसंवाद और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
अधिकारी सीधे नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे तथा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और गति परखेंगे।
पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, आवास, पेंशन और राशन कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मौके पर दिया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य लक्ष्य शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें।

