बुलंद सोच, ग्वालियर।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने शनिवार रात को कमर्शियल एलपीजी की दरों में कटौती की है। ग्वालियर शहर में 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलिंडर पर 192 रुपये कम हुए हैं, जिसके बाद अब यह सिलिंडर 2963 रुपये में मिलेगा।
कमर्शियल सिलिंडर की कीमत कम होने से होटल, रेस्टोरेंट, खाने-पीने की चीजें बनाने वाले कारोबारियों और फैक्ट्री संचालकों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलिंडर की दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पूर्व में हुई मूल्य वृद्धि
ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की दरों में चार बार बढ़ोतरी की गई थी, जिससे तीन बार में करीब 1300 रुपये कमर्शियल सिलिंडर पर बढ़ गए थे।
इस वृद्धि से खान-पान सहित अन्य व्यवसायों पर असर पड़ा था और खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई थीं।
7 मार्च 2026 को युद्ध के शुरुआती प्रभाव के कारण तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.50 से 115 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।
इसके बाद, 1 अप्रैल 2206 को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के चलते कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर का और इजाफा किया गया।
1 मई 2026 को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आपूर्ति बाधित होने और वैश्विक संकट के कारण इतिहास की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जहां 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में 993 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी वृद्धि की गई।
कंपनियों ने 1 जून 2026 को एक बार फिर कीमतों में 42 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।
नई दरें
घरेलू एलपीजी के तहत 14.2 किलोग्राम का सिलिंडर 1,025 रुपये में, 10 किलोग्राम का 740 रुपये में और 5 किलोग्राम का 381 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, कमर्शियल श्रेणी में 47.5 किलोग्राम का सिलिंडर 7,403 रुपये में, 19 किलोग्राम का 2,963 रुपये में, 5 किलोग्राम का 823 रुपये में और 5 किलोग्राम (रिफिल) का 805 रुपये में मिलेगा।

