BREAKING NEWS
2026-08-02

रतलाम में रस्सी से उतर रही नवविवाहिता की मौत, विवाह प्रक्रिया संदेह के घेरे में

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम के माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत करमदी रोड स्थित महावीर पेट्रोल पंप के सामने एक मकान में गुरुवार देर रात 23 वर्षीय नवविवाहिता संध्या कुमारी की तीसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरने के प्रयास के दौरान गिरने से मृत्यु हो गई। संध्या कुमारी बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया की निवासी और नंदलाल चौधरी की पुत्री थीं।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती घर से निकलने की कोशिश कर रही थी, और इस प्रयास में पुरानी रस्सी टूट जाने से वह मकान के आंगन में सिर के बल गिर गई। अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी पति की नींद देर रात खुलने पर लगी।

संध्या का विवाह लगभग 10-12 दिन पहले करमदी रोड निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार चौहान से हुआ था।

एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें विवाह की प्रक्रिया भी संदेह के घेरे में आई है।

पति मुकेश चौहान ने पुलिस को बताया कि उनके मित्र महेश राठौर के माध्यम से बड़नगर क्षेत्र के भेसला कलां निवासी मोहन नामक व्यक्ति से संपर्क हुआ था। मोहन ने पहले शादी के लिए साढ़े तीन लाख रुपये मांगे थे, लेकिन बाद में 2.60 लाख रुपये में बात तय हुई। मुकेश चौहान अपने मित्र गुड्डू और मोहन के साथ कार से बिहार सीमा के पास कोचस क्षेत्र पहुंचे थे, जहां एक होटल में युवती की सहमति के बाद दलाल मोहन को 2.60 लाख रुपये दिए गए। विवाह की रस्म पूरी कर संध्या को 27 जुलाई को रतलाम लाया गया था।

हादसे के बाद पुलिस और पति ने बिहार में बताए गए स्वजनों तथा विवाह कराने वाले दलाल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी के मोबाइल फोन बंद मिले। पुलिस के अनुसार, संबंधित दलाल भी अपने घर से अनुपस्थित पाया गया।

मामले में फर्जी विवाह कराने वाले गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने घटना की सूचना बिहार स्थित स्वजनों को दी और उन्हें रतलाम आने के लिए कहा, लेकिन शनिवार तक कोई नहीं पहुंचा।

इसके बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद शव पति मुकेश चौहान को सुपुर्द कर दिया गया और स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।