बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के नई सड़क इलाके में एक युवक के घर उसके ही दोस्त ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। युवक एक मामले में जेल गया था और जेल जाने से पहले उसने अपने दोस्त को घर की चाबी सौंपी थी। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
लश्कर स्थित नई सड़क की लवाहर सिंह की पायगा में रहने वाले 35 वर्षीय सोनू धौलपुरिया एक मामले में जेल गए थे। उनकी दोस्ती घोसू पूरा निवासी पवन प्रजापति से थी और जेल जाने से पहले सोनू ने घर की देखरेख की जिम्मेदारी पवन प्रजापति को सौंपी थी। घर की चाबी भी पवन प्रजापति के पास ही थी।
करीब छह महीने बाद सोनू धौलपुरिया जब जेल से छूटकर घर लौटे, तो उन्हें घर के अंदर से पैनासोनिक कंपनी का एसी, एक अंगूठी, सोने की चेन, एक पेंडेंट और एक एक्टिवा गायब मिली।
इतना ही नहीं, पवन प्रजापति ने सोनू की महिला मित्र से भी उसके नाम पर 20 हजार रुपये उधार ले लिए थे। जब सोनू ने इस संबंध में पवन को कॉल किया, तो उसने फोन रिसीव नहीं किया।
इसके बाद सोनू धौलपुरिया ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

