बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के पड़ाव इलाके में पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो किलो 800 ग्राम सामान्य किस्म का गांजा बरामद किया गया।
तस्कर के मोबाइल फोन की वॉट्सएप चैट की जांच से पुलिस अधिकारी हैरान रह गए। चैट में दिल्ली के एक बड़े सप्लायर से संपर्क और ओजी (ओशियन ग्रोथ) गांजा तथा एमडी ड्रग मंगाने का खुलासा हुआ।
चैट में कुछ अन्य सिंथेटिक ड्रग्स से संबंधित बातचीत भी सामने आई है, जिससे एक बड़े नेटवर्क का संकेत मिलता है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव और उनकी टीम को पिछले कुछ दिनों से ललितपुर कॉलोनी निवासी सूरज पुत्र ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव के गांजा तस्करी में शामिल होने के सुराग मिल रहे थे। सूचना के आधार पर एलआईसी तिराहे के पास घेराबंदी की गई।
एलआईसी तिराहे के पास खंडहर में खड़ा सूरज पुलिस को देखकर दौड़ने लगा, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।
हवाई जहाज से आने वाली थी खेप
चैट से पता चला है कि गिरोह की अगली बड़ी खेप हवाई जहाज के माध्यम से आने वाली थी। इस प्रकार के गांजे की अंतरराष्ट्रीय और मेट्रो शहरों में कीमत लगभग 7 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक होती है।
वॉट्सएप चैट का विवरण
वॉट्सएप चैटिंग में ‘प्रिंस क्रेजी’ नाम के व्यक्ति का नंबर मिला, जिसमें ओजी गांजा, एमडी ड्रग और अन्य ड्रग्स के संबंध में बातचीत दर्ज थी। चैट के अंशों में प्रिंस क्रेजी ने सूरज से कहा कि “हमारा पार्सल एयरपोर्ट पर होल्डिंग पर है, 5केजी का।”
प्रिंस क्रेजी ने यह भी बताया कि पुराना स्टॉक हल्का था, इसलिए नया स्टॉक देने की योजना थी, और उसके दोस्त का पार्सल उसी शाम मिल गया था। सूरज ने “ओके, कब मिलूं मैं” कहकर जवाब दिया, जिस पर प्रिंस क्रेजी ने खुद को “आउट ऑफ देहली” बताया।
प्रिंस क्रेजी ने सूरज को बताया कि “भाई स्टॉक कल आया ओजी का मेरे पास, इसलिए आपको भेज नहीं पाया।” इस पर सूरज ने कहा, “कोई नहीं, मै गुरुग्राम पहुंच जाऊंगा 6 बजे तक।”
ड्रग्स की आपूर्ति का तरीका
आरोपी ने पुलिस को बताया कि कभी एजेंट यहां आकर ड्रग्स सप्लाई करते हैं, तो कभी वह खुद अपनी कार से दिल्ली-गुरुग्राम जाकर बड़े सप्लायरों से एजेंट के माध्यम से पैकेट लेता है।
दिल्ली के सप्लायर प्रिंस ने सूरज को ओजी गांजे के पौधे का वीडियो भी भेजा था। यह गांजे की वह किस्म है जो केवल समुद्र के पानी में उगाई जाती है और बाजार में सबसे महंगी बिकती है।
पुलिस का बयान
इंदरगंज सर्किल के सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि गांजा तस्कर को पकड़ा गया है और उसके मोबाइल में मिली चैट पर काम किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना व्यक्त की।

