बुलंद सोच, जबलपुर।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) महाकौशल प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक 8 और 9 अगस्त को कटनी में संपन्न हुई, जिसमें दायित्वों में कई बदलाव किए गए।
प्रांत पदाधिकारियों ने जबलपुर के प्रांत और जिला के पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर चिंतन किया, जिसके बाद कुछ पदाधिकारियों को शिकायतों के कारण पद से मुक्त कर दिया गया।
जबलपुर के प्रांत संपर्क प्रमुख पंकज श्रीवात्री, विभाग संयोजक और प्रांत सुरक्षा प्रमुख सुमित ठाकुर तथा जिला बल उपासना प्रमुख रोहित ठाकुर को सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए सामान्य कार्यकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, जबलपुर के सह सेवा प्रमुख यतीन्द्र उपाध्याय को प्रांत सेवा प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन ने हटाए गए उपरोक्त तीनों पदाधिकारियों की जगह फिलहाल कोई नई नियुक्ति नहीं की है।
दायित्वों में बदलाव का कारण
बताया जाता है कि जबलपुर से विहिप के कुछ पदाधिकारियों को लेकर उच्च स्तर पर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
सरकारी महकमे से जुड़े अफसरों ने भी संगठन के पदाधिकारियों पर अनैतिक रूप से दबाव बनाकर कार्य करवाने की शिकायत की थी।
जमीनों से जुड़े विवादों में संगठन के नाम पर निजी स्वार्थ के कार्य करने की शिकायतें भी संगठन तक पहुंची थीं।
इन शिकायतों के बाद प्रांत की टोली ने दायित्वों में बदलाव का निर्णय लिया।
प्रांतीय बैठक में चर्चा
बैठक में महाकौशल प्रांत के विभिन्न जिलों से प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, साथ ही केंद्रीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा की गई।
केंद्रीय मंत्री अजय पारिख ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा समाज में संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव ने सामाजिक समरसता विषय पर मार्गदर्शन दिया और समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री अजय पारिख, विनायक राव जी और प्रांत मंत्री उमेश मिश्र उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्मशती वर्ष के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई।
नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
संकल्प और समापन
कार्यकर्ताओं ने संगठन को अधिक मजबूत और व्यापक बनाने के लिए नई ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक का समापन आगामी कार्यों को गति देने और समाज के बीच संगठन की भूमिका को और प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

