BREAKING NEWS
2026-08-12

ग्वालियर: हॉर्न बजाने पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पड़ोसी को कार से कुचला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर इलाके में एक कार चालक ने हॉर्न बजाने को लेकर अपने पड़ोसी की हत्या का प्रयास किया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

Advertisement

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अचलेश्वर एंक्लेव का है। यहां सुरेंद्र धाकरे और नीकेश कुशवाह उर्फ निक्की कुशवाह पड़ोसी हैं।

घटना रात करीब 12 बजे की है, जब सुरेंद्र धाकरे मानपुर फेस-एक स्थित अपने दफ्तर से अपनी एमजी हेक्टर कार (एमपी80 जीयू 1092) से घर पहुंचे।

कॉलोनी के गेट पर सुरक्षा गार्ड सो रहा था, जिसे जगाने के लिए सुरेंद्र ने हॉर्न बजाया।

गार्ड नहीं जागा, तभी पड़ोस में रहने वाला नीकेश कुशवाह अपनी टाटा नेक्सान कार (एमपी07 जेडएक्स 6243) लेकर वहां पहुंचा। नीकेश ने पीछे से हॉर्न बजाने पर सुरेंद्र की कार में टक्कर मार दी।

जब सुरेंद्र अपनी कार से बाहर निकले, तो नीकेश ने अपनी कार से उनमें टक्कर मारी। इसके बाद जब सुरेंद्र गिर पड़े, तो नीकेश ने उन पर कार चढ़ा दी।

इस हमले में सुरेंद्र के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उनके स्वजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।

आरोपी नीकेश उर्फ निक्कू कुशवाह पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। लोगों ने पुलिस को बताया है कि वह हर किसी से झगड़ा करता है और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाता है।

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि सिरफिरे युवक ने हॉर्न बजाने पर गुस्से में पड़ोसी को पहले टक्कर मारी, फिर कार चढ़ा दी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि आरोपी पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।