BREAKING NEWS
2026-08-12

नासिक में भूकंप के हल्के झटके, घरों की दीवारों में आईं दरारें

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नासिक।

महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार और रविवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इससे जिले के कुछ इलाकों में घरों की दीवारों में दरारें आ गईं।

अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Advertisement

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया।

इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के नजदीक भानवाड़ इलाके में जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई।

जिले के नासिक शहर, सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तालुका के कुछ इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

इससे लोगों में डर फैल गया और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तालुका के भादर और दिंडोरी तालुका के नानाशी गांव में कुछ घरों की दीवारों में दरारें आ गईं।

इलाके में बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन कहीं कोई नुकसान नहीं मिला।

जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने कहा कि लोगों को डरना नहीं चाहिए और किसी भी अफवाह पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लोगों को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा के जरूरी उपाय करने चाहिए।

इससे पहले भी जिले में 25 से 28 जुलाई के बीच और 6 अगस्त को भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे।