बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में बीते एक साल से पुलिस को चकमा दे रहे 30 हजार रुपए के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर पर अब शिकंजा कसता जा रहा है। पिछले चार दिनों में जंगल से डकैत का दूसरा साथी भी पुलिस के हाथ लग गया है। अभी तक कल्ली गिरोह के दो सक्रिय सदस्य पकड़े जा चुके हैं। ये बदमाश हाल ही में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में शामिल थे। पुलिस की टीमें कल्ली और उसके छह से सात साथियों की तलाश में लगातार जंगल में सर्चिंग कर रही थीं।
एसडीओपी घाटीगांव शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि पंद्रह दिन पहले डकैतों ने एक कंटेनर पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद से ही घाटीगांव पुलिस सहित पनिहार, मोहना, तिघरा, आरोन और गिरवाई थाना पुलिस जंगल में सर्चिंग कर रही थीं।

आठ दिन पहले पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर कल्ली के साथी अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी वीरेंद्र निवासी मुरैना को कैंट रोड रेलवे ब्रिज के पास से पकड़ा था। इस गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस टीम जंगल की घेराबंदी कर सर्चिंग जारी रखे हुए है।
शनिवार सुबह घेराबंदी के दौरान जंगल में एक अन्य आरोपी भी मिला। पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान अजय पुत्र लालसिंह गुर्जर (28 साल) निवासी लेहर थाना दिमनी, हाल शिकारपुर फाटक के पास मुरैना के रूप में हुई। पुलिस टीमें पकड़े गए आरोपी से कल्ली की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह कल्ली का साथी है और कंटेनर के टायर बर्स्ट करते समय वह भी उसके साथ था। कल्ली उसे यहीं छोड़कर जंगल के रास्ते भागा है, जिसके बाद पुलिस ने इस इलाके में आगे बढ़ना शुरू कर दिया है।

डकैत कल्ली गुर्जर ने भोपाल के एक कंटेनर चालक से रंगदारी मांगी थी और रंगदारी न देने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर कंटेनर के सभी टायर बर्स्ट कर दिए थे। बीते साल कल्ली गुर्जर ने डकैत योगी गुर्जर के साथ तिघरा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद एक गर्भवती महिला को अगवा किया था। इसके बाद डकैत ने पुलिसकर्मियों पर भी गोलियां चलाई थीं।
डकैत कल्ली गुर्जर पर चंबल से 30 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित है। ग्वालियर में उसकी लगातार गतिविधियों और वारदातों के बाद ग्वालियर पुलिस ने उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीआईजी ग्वालियर रेंज असित यादव ने डकैत कल्ली गुर्जर पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। साथ ही पुलिस की टीमों को जंगल में लगातार सर्चिंग के लिए निर्देशित किया गया है।

एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि कल्ली गुर्जर गिरोह के एक सदस्य को घाटीगांव थाना पुलिस ने पकड़ा है। बदमाश से पूछताछ की जा रही है, ताकि कल्ली गुर्जर को दबोचा जा सके। पुलिस की कई टीमें कल्ली की तलाश में लगी हैं। एसएसपी ने कहा कि पुलिस कल्ली के नजदीक है और जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।

