BREAKING NEWS
2026-08-10

ग्वालियर में कांवड़ियों पर लाठी-डंडे, सरिये और हथौड़ों से हमला, दो युवक गंभीर घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के किला गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना मामूली वाहन टकराने को लेकर शुरू हुई बहस के हिंसक झड़प में बदलने के बाद हुई।

गुरुवार रात करीब 8:30 बजे ग्वालियर से 4-5 युवक हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए निकले थे। घासमंडी इलाके से गुजरते समय एक वाहन से हलकी टक्कर हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। दूसरे पक्ष के 8 से 10 युवकों ने लाठी-डंडे, सरिये और हथौड़ों से हमला कर दिया।

Advertisement

इस हमले में विवेक यादव और शुभम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवेक यादव के सिर पर हथौड़े से वार किया गया, जिससे उन्हें गहरे टांके आए हैं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में एफआईआर दर्ज करने में ढिलाई बरती। इससे नाराज कांवड़ियों के साथियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बहोड़ापुर थाने के बाहर सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण इलाके में काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद देर रात चक्काजाम समाप्त हुआ।

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि मारपीट की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।