BREAKING NEWS
2026-10-17

ग्वालियर पुलिस के ऑपरेशन ईगल में 14 बदमाश अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आपराधिक गतिविधियों और अवैध हथियारों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने के उद्देश्य से एसएसपी धर्मवीर सिंह की देखरेख में ‘ऑपरेशन ईगल’ चलाया गया।
एएसपी सुजावल जग्गा, एएसपी शिवेश सिंह बघेल और एएसपी (ग्रामीण) जयराज कुबेर की अगुवाई में सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने वालों और सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Advertisement

14 बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले भर में एक साथ छापेमारी की और 14 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बदमाशों के पास से पिस्टल, कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए 14 बदमाशों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। इन नाबालिगों को कंपू थाना क्षेत्र के बिजौली और थाटीपुर से पकड़ा गया। इन्होंने बदमाशों से प्रेरित होकर कट्टे के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की थीं। इन तीनों नाबालिगों के पास से तीन कट्टे बरामद हुए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान एसएसपी ने बताया कि इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे बदमाशों पर लगाम कसी जा सके और इंटरनेट मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन पर रोक लग सके।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में थाना महाराजपुरा से अजय पुत्र गंधर्व सिंह लोधी निवासी मऊ जमाहर और करण पुत्र ओमप्रकाश जाटव निवासी जीसक कॉलेज के पास, रसलपुरा शामिल हैं।
थाना मुरार से अंकित उर्फ अंकी पुत्र मुन्नालाल परिहार निवासी सुरैयापुरा, थाना पनिहार से मोनू पुत्र करण गुर्जर निवासी ग्राम झाला, और थाना डबरा देहात से गुलशन पुत्र जसवीर पवन निवासी सालवाई को गिरफ्तार किया गया।
थाना पुरानी छावनी से अमन पुत्र पूनर जाटव निवासी जिनावली, थाना गोला का मंदिर से अमन पुत्र रमाकांत शर्मा निवासी प्रगति बिहार कॉलोनी, थाना झांसी रोड से नकुल पुत्र उदय परिहार निवासी ललियापुरा, और थाना सिरोल से करण पुत्र नरेंद्र बाथम निवासी जड़ेरुआ शामिल हैं।