बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर उपनगर में एक युवक ने खुद को तांत्रिक बताकर एक महिला को नशीला लड्डू खिलाया और बेहोशी की हालत में उससे दुष्कर्म किया। बाद में उसने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार गलत काम किया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता का पति शराब का आदी था। उसे किसी ने बताया कि कमल राठौर नामक व्यक्ति तांत्रिक है और वह शराब छुड़वाने की दवा देता है।
इसके बाद महिला कमल राठौर के पास पहुंची, जिसने उसे पति को खाने में मिलाकर देने के लिए दवा दी। युवक ने महिला से नजदीकी बढ़ाई और उसके घर आना-जाना शुरू कर दिया।
अक्टूबर 2025 में कमल राठौर महिला के घर पहुंचा और उसे यह कहकर एक लड्डू दिया कि यह प्रसाद है। लड्डू खाते ही महिला की आंखों के सामने अंधेरा छा गया और वह बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में कमल राठौर ने उसके साथ गलत काम किया। जब महिला को होश आया, तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और कमल राठौर ने उसकी तस्वीरें अपने मोबाइल में खींच ली थीं।
इन तस्वीरों को दिखाकर कमल राठौर महिला को ब्लैकमेल करने लगा, जिसके चलते उसने कई बार उसके साथ गलत काम किया।
परेशान होकर पीड़िता ने अपने पति को पूरी बात बताई। इसके बाद दंपत्ति थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई।

