BREAKING NEWS
2026-10-17

हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी शुभम, बड़वानी पुलिस ने फोटो जारी कर ₹2,000 का इनाम घोषित किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बड़वानी।

बड़वानी जिला मुख्यालय पर पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी समेत फरार हुए आरोपित शुभम की तलाश में पुलिस ने अब उसका फोटो जारी किया है। पुलिस ने आमजन को अलर्ट करते हुए आरोपित के संबंध में जानकारी देने का आह्वान किया है। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपित की गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, जुलवानिया थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार शुभम को राजपुर एसडीएम न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल बड़वानी ले जाया जा रहा था।

जेल से करीब 500 मीटर पहले लोक सेवा केंद्र के सामने आरोपी ने अचानक चलती मोटर साइकिल से छलांग लगा दी। इसके बाद उसने पुलिस जवानों को धक्का दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया।

आरोपी के अचानक कूदने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें दोनों आरक्षक घायल हो गए। जिनका स्वास्थ्य फिलहाल ठीक है।

पुलिस की कार्रवाई और अपील

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों के साथ आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब पुलिस ने आरोपी की तस्वीर और घटना के समय पहने कपड़ों की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी है, ताकि उसकी पहचान में आमजन की मदद मिल सके।

एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि फरार आरोपी शुभम की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी कहीं दिखाई दे अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि आरोपी को स्वयं पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास न करें। उसके दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल जुलवानिया थाना पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।