बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर की मॉडल हिमांशी शर्मा ने पुणे में आयोजित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता मिस इंडिया एम्प्रेस ऑफ द नेशन का खिताब अपने नाम किया है।
अपनी इस उपलब्धि पर हिमांशी शर्मा ने बताया कि वर्ष 2017 में मानुषी छिल्लर के मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में कुछ कर दिखाने का निश्चय किया था। उन्होंने इस जीत का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग को दिया।
नया बाजार निवासी हिमांशी शर्मा ने इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल उनकी नहीं, बल्कि हर उस लड़की की जीत है जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती है।
हिमांशी ने बताया कि मॉडलिंग के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आर्थिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। इसी कारण उन्होंने पहले केआरजी कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की और उसके बाद एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य किया। पर्याप्त धनराशि जुटाने के उपरांत उन्होंने मॉडल बनने की तैयारी आरंभ की।
उन्होंने यह भी बताया कि देश की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता फेमिना मिस इंडिया में असफल रहने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। इसके बजाय, वह लगातार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेती रहीं। दो अगस्त को उन्होंने मिस इंडिया एम्प्रेस ऑफ द नेशन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में उन्हें विजेता का ताज पहनाया गया।
जीवाजी क्लब और श्रीजी इवेंट्स की टीम ने हिमांशी शर्मा को स्मृति चिन्ह और बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जीवाजी क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र सेठ, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव संजय वर्मा, संयुक्त सचिव केतन करन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय नीखरा के साथ श्री नितिन कुमार अग्रवाल, ट्विंकल सेन और हिमांशी के माता-पिता प्रभा-वीरेंद्र शर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

