BREAKING NEWS
2026-08-08

भोपाल में आईसीयू इलाज के बहाने सेवानिवृत्त अधिकारी के परिवार से 64 हजार रुपये की साइबर ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

शाहपुरा क्षेत्र निवासी एक सेवानिवृत्त अधिकारी और उनके परिवार को परिचित बनकर एक साइबर ठग ने 64 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपित ने अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार के इलाज के नाम पर तत्काल रुपये भेजने की बात कहकर फर्जी ट्रांजेक्शन का झांसा दिया। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, शाहपुरा निवासी 74 वर्षीय घनश्याम प्रसाद मिश्रा उधमिता विकास केंद्र से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। एक अगस्त को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया। उस व्यक्ति ने खुद को जबलपुर निवासी अशोक साहू बताया और कहा कि उसका रिश्तेदार अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।

आरोपित ने बताया कि रिश्तेदार को स्टेंट डालने के लिए तत्काल भुगतान करना है। उसने दावा किया कि उसके खाते से रकम ट्रांसफर नहीं हो रही है, इसलिए वह पहले मिश्रा के खाते में राशि भेज रहा है। ठग ने डॉक्टर का नंबर और एक फर्जी ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी भेजा, जिसमें भुगतान सफल दिखाया गया था।

आरोपित के झांसे में आकर घनश्याम प्रसाद मिश्रा ने सबसे पहले 9 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद उनकी छोटी बहू ने 25 हजार रुपये, बड़ी बहू ने 10 हजार रुपये और इंदौर में रहने वाली बेटी ने 20 हजार रुपये बताए गए बैंक खातों में भेज दिए। इस प्रकार कुल 64 हजार रुपये की राशि ठगों के खाते में चली गई।

अगले दिन आरोपित ने 11 हजार रुपये और भेजने का दबाव बनाया। इस पर परिवार को संदेह हुआ। बैंक स्टेटमेंट निकलवाया गया, जिसमें यह खुलासा हुआ कि उनके खाते में कोई राशि आई ही नहीं थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।