BREAKING NEWS
2026-08-06

इंदौर एयरपोर्ट पर अबू धाबी उड़ान के यात्री से 2 करोड़ रुपये से अधिक का सोना जब्त

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, इंदौर पर आबूधाबी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से पहुंचे एक यात्री के पास से लगभग एक किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

Advertisement

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोमवार तड़के यह कार्रवाई की।

बीते महीने ही मुख्यमंत्री ने इंदौर और आबूधाबी के बीच इस सीधी उड़ान की शुरुआत की थी।

डीआरआई की कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, डीआरआई की टीम को पहले से सूचना मिली थी कि विमान में एक तस्कर है।

इस सूचना के आधार पर यात्रियों की प्रोफाइलिंग की गई। फ्लाइट के इंदौर पहुंचने के बाद संदेह के आधार पर संबंधित यात्री को रोका गया और जांच के दौरान उसके पास से एक किलोग्राम सोना बरामद हुआ।

कर्मचारी की भूमिका पर संदेह

मामले की जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस अथवा एयरपोर्ट से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है।

डीआरआई के अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारी से लंबे समय तक पूछताछ की है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ के बाद कोई गिरफ्तारी हुई है या नहीं।

आधिकारिक खुलासे का इंतजार

पूरे घटनाक्रम को लेकर डीआरआई, एयरपोर्ट प्रबंधन और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

अधिकारी मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए कुछ भी कहने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा किया जा सकता है।

पूर्व में भी सोने की बरामदगी

इससे पहले भी दुबई और शारजाह से आने वाली उड़ानों के यात्रियों से इंदौर एयरपोर्ट पर सोना बरामद हो चुका है।

डीआरआई इंदौर ने रायपुर में बांग्लादेश की ओर से आया तस्करी का 3.33 किलोग्राम सोना भी पकड़ा था।