बुलंद सोच, भोपाल।
जीआरपी ने ट्रेनों में सफाई के बहाने यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन लाख रुपये कीमत का दो तोले का सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ है।
आरोपी संतोष (22 वर्ष) ट्रेनों में झाड़ू लगाकर गुजर-बसर करता था और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। वह पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है तथा ट्रेन दुर्घटना में अपना एक पैर गंवा चुका है। आरोपी पर पहले से चार अपराध दर्ज हैं।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 जुलाई की है। रायपुर निवासी चित्ररेखा अपने पति के साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) में यात्रा कर रही थी। भोपाल स्टेशन आने से पहले, रात में किसी ने उनका पर्स पार कर दिया। बाद में खाली पर्स बाथरूम में पड़ा मिला, लेकिन उसमें सोने का मंगलसूत्र गायब था। पीड़िता ने निजामुद्दीन स्टेशन पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले में जीआरपी भोपाल को स्थानांतरण होने के बाद एक टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी संतोष ने चोरी की बात कबूल कर ली।

