BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर क्राइम ब्रांच ने चोरी के दोपहिया वाहन काटने के मामले में पूर्व पार्षद के भाई को किया गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

अपराध शाखा ने शनिवार को पूर्व पार्षद अंसाफ अंजी के भाई अल्ताफ को चोरी के दोपहिया वाहनों को काटने और बेचने के मामले में गिरफ्तार किया है। अंजी की स्क्रैप की दुकान है। पुलिस को दस से ज्यादा गाड़ियों के पुर्जे और इंजन मिले हैं। डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि उर्दू स्कूल के समीप (रानीपुरा) में अल्ताफ की स्क्रैप दुकान पर चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त होती है। दोपहर को निरीक्षक विष्णु वास्कले की 12 सदस्यीय टीम ने दबिश देकर अल्ताफ को पकड़ लिया। मौके पर बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन कटे पड़े हुए थे। पुलिस ने इंजन और पुर्जे जब्त कर लिए। कर्मचारियों ने मौके पर ही इंजन व चेचिस नंबर से वाहनों का सत्यापन किया, जिसमें कई वाहन चोरी के मिले। इसके बाद आरोपित अल्ताफ के विरुद्ध क्राइम ब्रांच थाना में एफआईआर दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अल्ताफ ने पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया। अल्ताफ ने बताया कि वह गाड़ियां स्क्रैप में खरीदता है और उसने कुछ लोगों के नाम बताए हैं जो उसको गाड़ियां बेचते हैं।

Advertisement

ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला

खजराना पुलिस ने कारोबारी को ब्लैकमेल करने और लाखों रुपयों की अवैध वसूली के मामले में पूर्व पार्षद शेख अलीम से घंटों तक पूछताछ की। गिरफ्तारी के डर से अलीम ने वकील साथियों को थाने पर बुला लिया। पुलिस ने अलीम के बेटे अली को भी नोटिस जारी कर दिया है। टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, पिछले साल अप्रैल में व्यवसायी अब्दुल रहीम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। व्यवसायी को अज्ञात नंबरों से धमकाया गया था और लाखों रुपयों की मांग की गई थी। साइबर एक्सपर्ट की मदद से पुलिस ने जांच की और आरोपित शेख मिकाइल को गिरफ्तार किया। उसने पूछताछ में बताया कि साजिश में शेख अलीम (पूर्व पार्षद) शामिल है। पीड़ित अब्दुल रहीम उसका रिश्तेदार है और अलीम ने ही उसे रुपये वसूलने का तरीका बताया था। यह मामला जांच में लंबित रह गया था। पुलिस ने शेख अलीम को नोटिस जारी किया और शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया। टीआई के अनुसार, शेख अलीम से पूर्व से तैयार सवालों के जवाब लिए गए हैं। आरोपित शेख मिकाइल के मेमोरेन्डम में भी उसका नाम लिखा हुआ है। इसी केस में शेख अलीम के बेटे अली से पूछताछ होना शेष है।