BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में मिलावटी घी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 267 किलो घी जब्त, 1.60 लाख का माल सील

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने घी के कारोबार पर लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार को संदिग्ध गुणवत्ता के कारण 25 हजार लीटर से अधिक घी के विक्रय पर रोक लगाने के बाद, शनिवार को मल्हारगंज क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठान से 267 किलोग्राम घी का स्टॉक जब्त किया गया। जब्त किए गए इस स्टॉक की अनुमानित कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये है।

Advertisement

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मेसर्स अक्षत फूड्स, मल्हारगंज मेन रोड का निरीक्षण किया, जहाँ विभिन्न ब्रांड के घी का विक्रय किया जा रहा था। टीम ने दीनदयाल देसी घी, पशुधन प्रीमियम घी और मक्सी फ्रेश प्रीमियम घी के नमूने लिए। इन तीनों उत्पादों का शेष लगभग 267 किलोग्राम स्टॉक मौके पर ही जब्त कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की विश्लेषण रिपोर्ट आने तक इस स्टॉक को सुरक्षित रखा जाएगा और तब तक इसकी बिक्री नहीं की जा सकेगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पोर्टल पर प्राप्त एक शिकायत के आधार पर अतुल उद्योग सदन का भी निरीक्षण किया। यहां शिकायत में उल्लिखित सोनीजी जलजीरा मसाला का नमूना लिया गया, जिसे परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। इसी क्रम में, एक अन्य टीम ने सियागंज स्थित वासुदेव मूलचंद का निरीक्षण किया और वहां से गोधरा सहकार तथा अंजनी ब्रांड के घी के तीन नमूने जांच के लिए लिए।

प्रदेश में जुलाई माह से दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले दूध और दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कुछ बाहरी ब्रांड के घी के नमूने अमानक पाए जाने के बाद संबंधित ब्रांडों के खिलाफ विशेष नमूना कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी नमूनों की रिपोर्ट आने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।