BREAKING NEWS
2026-08-10

डाक विभाग ने इंदौर में 24 घंटे सेल्फ बुकिंग कियोस्क और रक्षाबंधन के लिए विशेष सेवाएं शुरू कीं

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए कई नई सेवाएं शुरू की हैं। इंदौर के जीपीओ कार्यालय परिसर में एक आधुनिक सेल्फ बुकिंग कियोस्क का शुभारंभ किया गया है। इस सुविधा का उद्घाटन गुरुवार को पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर परिक्षेत्र गौरव श्रीवास्तव ने किया। इस नए कियोस्क की मुख्य विशेषता यह है कि ग्राहक 24 घंटे किसी भी समय स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कर सकेंगे। अब ग्राहकों को डाकघर के काउंटर पर लंबी कतार में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्राहक स्वयं पार्सल की बुकिंग कर सकेंगे, क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे और बुकिंग की जानकारी एसएमएस के माध्यम से तुरंत प्राप्त होगी। इन सेवाओं से डाक सेवाएं पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज और ग्राहक-अनुकूल बनेंगी।

रक्षाबंधन के लिए विशेष व्यवस्थाएं

रक्षाबंधन को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों की राखी समय पर भाइयों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। इंदौर जीपीओ में काउंटर नंबर-8 को विशेष राखी स्पीड पोस्ट बुकिंग काउंटर बनाया गया है, जहां केवल रक्षाबंधन से संबंधित डाक सामग्री की बुकिंग की जाएगी। इसके अतिरिक्त, भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए भोपाल, जबलपुर, रतलाम, नीमच, मंदसौर, खंडवा, खरगोन सहित 56 एपीओ और 99 एपीओ में विशेष लेटर बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि सैनिकों तक भी राखियां समय पर पहुंच सकें। डाक विभाग ने रक्षाबंधन से जुड़े डाक आर्टिकल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट देने की घोषणा भी की है। वहीं, देश और विदेश में राखियां समय पर पहुंचाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत इंदौर परिक्षेत्र के प्रत्येक संभाग में एक-एक डेडिकेटेड मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव (एमई) नियुक्त किया गया है।

Advertisement

शिकायत निवारण तंत्र

यदि किसी व्यक्ति को राखी भेजने में कोई परेशानी या शिकायत होती है, तो वह संबंधित व्हाट्सएप नंबर पर अपना नाम, संपर्क नंबर और समस्या का विवरण संदेश के रूप में भेज सकता है। विभाग ने शिकायतों का त्वरित समाधान करने का भरोसा दिलाया है।