बुलंद सोच, इंदौर।

शनिवार रात इंदौर के एमवाय अस्पताल में एक मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। यह घटना ऑपरेशन रूम (ओआर-1) की बताई जा रही है।
आरोप है कि विवाद के दौरान सर्जरी विभाग के प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हाथापाई हुई। विवाद बढ़ने पर अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों से बहस करना शुरू कर दिया था। घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कुछ समय के लिए काम रोक दिया और अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में संयोगितागंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रात करीब 9.15 बजे हुई थी। पुलिस दोनों पक्षों से चर्चा कर रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
किसान की करंट लगने से मौत
इंदौर के तेजाजी नगर थाना अंतर्गत नेहरुग्राम में एक किसान की करंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम कमल पुत्र गेंदालाल खोबारे था। कमल अपने खेत पर गया था और मोटर चालू करने के दौरान स्टार्टर से उसे करंट लग गया था।
गंभीर अवस्था में कमल को अस्पताल भी पहुंचाया गया था, परंतु उसने दम तोड़ दिया।
एमवाय अस्पताल की स्थिति
इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज के साथ संक्रमण मिलने और वार्डों में दीवारों से टॉयलेट का पानी बहने की जानकारी भी सामने आई है।

