बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम को कांग्रेस गैर-राजनीतिक बता रही है।
इस कार्यक्रम के लिए अब तक 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
पार्टी नेताओं ने इस आयोजन की तैयारियों की कमान पर्दे के पीछे से संभाल रखी है।
इस आयोजन में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे और न ही कांग्रेस का झंडा कहीं नजर आएगा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी शामिल युवाओं से उनके सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे।
इसी कारण इस आयोजन को ‘छात्रों की गूंज’ नाम दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि भाजपा को इस आयोजन को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए।
पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने स्टेडियम नहीं देकर छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठकें हो रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने इस आयोजन में शामिल होने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी आमंत्रण पत्र भेजने की बात कही है।
उन्होंने इस आमंत्रण पत्र भेजने की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को सौंपी है।

