BREAKING NEWS
2026-08-04

इंदौर में राजा-सोनम शादी के बकाया भुगतान पर कैटर्स ने परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी के कैटरिंग बिल में 2 लाख रुपये से अधिक का भुगतान बकाया होने का दावा करते हुए कैटर्स ने दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा है, हालांकि दोनों पक्षों ने पूरा भुगतान कर देने का दावा किया है।

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी दिवंगत राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की शादी से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है, जिसका कैटरिंग का काम इंदौर के हितेश उर्फ जिम्मी को सौंपा गया था। कैटर्स संचालक के अनुसार, दोनों परिवारों के साथ 11.60 लाख रुपये का अनुबंध हुआ था।

Advertisement

कैटर्स का दावा है कि शादी के दौरान सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी, उनके पिता और राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी द्वारा करीब 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। इसके बाद कुछ और राशि भी दी गई, लेकिन कैटर्स के अनुसार, अभी भी 2 लाख रुपये से अधिक का भुगतान बकाया है।

कैटर्स संचालक ने बताया कि बकाया राशि के लिए उन्होंने पिछले कई दिनों से दोनों परिवारों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद, एडवोकेट जयंत राठौर के माध्यम से दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा गया है, जिसमें 15 दिनों के भीतर बकाया राशि जमा करने की चेतावनी दी गई है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया है कि उनकी ओर से कैटर्स का पूरा भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम उनके दिवंगत भाई की छवि खराब करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

दूसरी ओर, सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी ने भी पुष्टि की है कि उनके परिवार ने अपनी ओर से पूरा भुगतान कर दिया है। उनका कहना है कि यदि कोई राशि बकाया है, तो वह विपिन रघुवंशी के हिस्से की हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार का नाम नोटिस में क्यों शामिल किया गया है, इस विषय पर वह कैटर्स संचालक से बात करेंगे।