BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में रक्षाबंधन पर ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

रक्षाबंधन पर्व पर इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। दोपहर दो बजे के बाद समस्त प्रकार की परिवहन बसों का राजवाड़ा की ओर आवागमन भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था यातायात पुलिस द्वारा राजवाड़ा, बर्तन बाजार, आड़ा बाजार, खजूरी बाजार और कपड़ा मार्केट सहित आसपास के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर की गई है। यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात जाम और अन्य असुविधाजनक परिस्थितियां उत्पन्न न हों, इसके लिए अनावश्यक यातायात दबाव से बचने हेतु निर्धारित प्रतिबंधों और वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित रखने के लिए वाहन चालकों हेतु वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं।

Advertisement

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्देश

राजवाड़ा क्षेत्र में समस्त प्रकार के ऑटो एवं ई-रिक्शा का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। संबंधित वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग और प्रतिबंध

हरसिद्धि की ओर से आने वाली बसें जेएमबी चौराहा, कलेक्टर चौराहा और महूनाका मार्ग का उपयोग कर सकेंगी। महू नाका की ओर से आने वाली बसें महू नाका चौराहा, कलेक्टर चौराहा, जेएमबी चौराहा और पलसीकर चौराहा होते हुए शहर की ओर आवागमन कर सकेंगी। संजय सेतु से नंदलालपुरा, नगर निगम, यशवंत रोड और मच्छी बाजार की ओर बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उक्त बसें संजय सेतु, मृगनयनी, नगर निगम, पोलोग्राउंड और जूना रिसाला होते हुए शहर से बाहर की ओर आवागमन कर सकेंगी।

चार पहिया वाहनों की पार्किंग एवं सामान्य यातायात निर्देश

राजवाड़ा और आसपास के बाजार क्षेत्रों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को अपने चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए नगर निगम कृष्णपुरा छत्री पार्किंग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन पार्क न करने का निर्देश दिया गया है। नागरिकों से संजय सेतु से राजमोहल्ला तक के मार्ग का अनावश्यक उपयोग करने से बचने तथा यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। यशवंत रोड और जवाहर मार्ग के अनावश्यक उपयोग से बचने की भी सलाह दी गई है। साथ ही, मृगनयनी से राजवाड़ा मार्ग का यथासंभव उपयोग न करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया है। संजय सेतु की ओर से आने वाले वाहन संजय सेतु, नगर निगम, पोलोग्राउंड और इमली बाजार मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।