बुलंद सोच, झाबुआ।

झाबुआ जिले के खरडुबडी गांव में एक युवक और उसकी पत्नी के बीच कोर्ट मैरिज के बाद उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मायके पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर न सिर्फ पूरे परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि नवविवाहिता का अपहरण कर अपने साथ ले गए। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है।
फरियादी का बयान
फरियादी डिंपल पिता नानुराम टांक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी किराना दुकान चलाता है। उसने अपनी मर्जी से 27 जुलाई 2026 को रियांशी के साथ कोर्ट मैरिज की थी, जिसके बाद से उसकी पत्नी उसके साथ ही रह रही थी। इस बात से रियांशी का पिता उदयसिंह और उसका परिवार लगातार नाराज चल रहा था।
हाईकोर्ट के निर्देश और सुरक्षा
डिंपल ने यह भी बताया कि 13 अगस्त को ही रियांशी के बयान भी दर्ज हो चुके थे तथा हाईकोर्ट ने पुलिस को उन्हें सुरक्षा देने के लिए निर्देशित भी किया था।
हमले और अपहरण की घटना
बुधवार दोपहर में जब डिंपल, उसकी पत्नी रियांशी, मां शर्मिला और भाभी शीतल घर पर मौजूद थे, तभी उदयसिंह नायक, शंकर नायक, धन्ना नायक और भमरसिंह नायक समेत करीब दस से अधिक लोग तीन कारों में सवार होकर वहां पहुंचे। इन लोगों ने चारों के साथ थप्पड़ और मुक्कों से जमकर मारपीट की। इस हमले में डिंपल को सीने पर और भाभी शीतल को मुंह तथा गाल पर गंभीर चोटें आईं।
रियांशी को जबरन उठा ले गए
आरोप है कि मारपीट के दौरान उदयसिंह और उसके साथियों ने रियांशी को जबरन पकड़ लिया और उसे अपने साथ उठाकर ले गए।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने बुधवार शाम को मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 333, 140(3), 115(2) और 3(5) के तहत उदयसिंह और उसके तीन अन्य साथियों को नामजद आरोपी बनाकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

